25 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर/थाना सिविल लाइन
शहर में लगातार हो रही कापर वायर चोरी की घटनाओं पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 173 फीट कापर वायर (कीमत लगभग 1,00,700 रुपये) बरामद किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाईन और थाना तारबहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कापर वायर चोरी के मामलों का खुलासा किया। मुखबिर की सूचना पर एचडीएफसी बैंक के पास मंगला चौक क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध राहुल गंधर्व और एक अपचारी बालक को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने मुथूट फाइनेंस लिमिटेड (व्यापार विहार) और डिजिटल मार्केटिंग ऑफिस सहित विभिन्न स्थानों से एसी का कापर वायर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी किया गया कापर वायर कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा और मोहम्मद याकुब नामक कबाड़ियों को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाईन और थाना तारबहार में अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाईन एस.आर. साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से कापर वायर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में बड़ी सफलता मिली है।
