“100 प्रतिशत मतदान से ही मजबूत होगा लोकतंत्र” — संभाग आयुक्त सुनील जैन
25 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा कोनी स्थित बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा निर्वाचन कार्य, स्वीप और एसआईआर कार्यक्रमों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान आवश्यक
संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और एक सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने 100 प्रतिशत मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।

पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां प्रत्येक मतदाता के मत का समान महत्व है। ऐसे में लोकतंत्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाना हम सभी का दायित्व है।

28 हजार नए मतदाता जुड़े
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिव कुमार बनर्जी ने निर्वाचन गतिविधियों एवं स्वीप कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में इस वर्ष लगभग 28 हजार नए मतदाता जुड़े हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दिलाई गई मतदाता शपथ
कार्यक्रम के दौरान संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करने और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
एसआईआर एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, सुपरवाइजर, पंजीयन अधिकारी तथा निर्वाचन कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले जनसंपर्क विभाग को सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित गीत, नुक्कड़ नाटक और नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, कृषि महाविद्यालय के डीन श्री एन.के. चौरे, राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य समन्वयक श्री मनोज सिन्हा सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन विद्यार्थी उपस्थित रहे।
