24 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…
बिलासपुर
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में स्तन कैंसर के इलाज एवं निदान संबंधी नवीनतम तकनीकों पर आधारित एक दिवसीय जागरूकता सीएमई (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अधिष्ठाता (डीन) डॉ. रमनेश मूर्ति के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सर्जरी विभाग द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को स्तन कैंसर के आधुनिक उपचार पद्धतियों से अवगत कराना, वास्तविक उपचार के दौरान उनकी दक्षता बढ़ाना तथा मरीजों के साथ संवाद और नैतिकता को मजबूत करना था।
सीएमई में अतिथि व्याख्याता के रूप में डॉ. राधाकृष्णा रामचंदानी (प्रोफेसर, एम्स रायपुर) और डॉ. अमित वर्मा (वरिष्ठ कंसल्टेंट, अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर) ने स्तन कैंसर के इलाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिया। वहीं इन-हाउस स्पीकर डॉ. चंद्रहास ध्रुव (प्रोफेसर, रेडिएशन एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी) और डॉ. शहनाज बानो (सहायक प्राध्यापक, पैथोलॉजी विभाग) ने सर्जरी, कीमोथेरेपी एवं हिस्टोपैथोलॉजी से संबंधित नवीनतम जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। प्रमुख रूप से डॉ. भूपेन्द्र कश्यप (नोडल अधिकारी), डॉ. लखन सिंह (चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. मधुमिता मूर्ति (प्रोफेसर, एनेस्थीसिया विभाग), डॉ. ओमप्रकाश राज (विभागाध्यक्ष, सर्जरी विभाग), डॉ. केशव कश्यप सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
