24 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 25 जनवरी 2026 को 16वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में मतदाता जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई इंडिया माई वोट (मेरा भारत, मेरा वोट)” निर्धारित की गई है, जिसकी टैगलाइन “इंडियन सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी” रखी गई है।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 25 जनवरी को सुबह 11 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन मुख्य अतिथि तथा बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं संगठनों के सहयोग से जिलेभर में जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय अग्रवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #NVD2026 हैशटैग के साथ मतदाता शपथ साझा करने का भी आग्रह किया है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
