बिलासपुर नगर की सबसे पुरानी और शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक शनिचरी बाजार व्यापारी संघ में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। संघ के लंबे समय से अध्यक्ष रहे गोवर्धन दास वाधवानी के अस्वस्थ होने के चलते व्यापारियों की एक आम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संघ के भविष्य और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने पूर्व अध्यक्ष श्री गोवर्धन दास वाधवानी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके वर्षों के योगदान को याद किया। इसके पश्चात व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नई कार्यकारिणी के गठन पर विचार-विमर्श किया गया।

सर्वसम्मति से बृजलाल नागदेव को शनिचरी बाजार व्यापारी संघ का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं मिलनसार एवं हंसमुख व्यक्तित्व के धनी राजकुमार हंसपाल को सर्वसहमति से संघ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि शेष कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
राजकुमार हंसपाल के उपाध्यक्ष चुने जाने की खबर जैसे ही व्यापारी वर्ग में फैली, बधाइयों का तांता लग गया। व्यापारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संघ और अधिक सशक्त होगा।
उपाध्यक्ष नियुक्ति पर बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से राजू जेठानी, श्रीधर वाधवानी, किशोर आडवाणी, विजय गंगवानी, अनिल आडवाणी, राकेश पाहुजा, मदिर अली, देवा यादव, लालू यादव, गोपी गंगवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।
व्यापारी संघ ने आशा व्यक्त की है कि नई टीम के नेतृत्व में शनिचरी बाजार के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान और बाजार का समग्र विकास नई दिशा प्राप्त करेगा।
