05 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में आज कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में एरोड्रम कमिटी मीटिंग एवं एरोड्रम इन्वायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी मीटिंग का आयोजन किया गया। यह बैठक बीसीएएस एवं डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है।
एरोड्रम कमिटी मीटिंग के दौरान हवाई अड्डे की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी, डीएफओ, एयरपोर्ट डायरेक्टर, सीएमएचओ, सीएसओ, इंटेलिजेंस ब्यूरो, क्यूएएसओ, एयरलाइंस स्टेशन मैनेजर, मनोचिकित्सक, भाषा विज्ञानी, एसडीएम, सीएमओ, स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विमान अपहरण जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों एवं आपसी समन्वय पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

इसके पश्चात एरोड्रम इन्वायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विमानों के सुरक्षित संचालन से जुड़े पर्यावरणीय विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में पुलिस अधीक्षक, एयरपोर्ट नोडल अधिकारी, एयरपोर्ट डायरेक्टर, सेफ्टी मैनेजर, डीएफओ, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान उड़ान के समय पक्षियों एवं वन्य जीवों से टकराव की संभावनाओं को कम करने तथा इसकी प्रभावी रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने एयरपोर्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी, स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी विभागों के बीच समन्वित प्रयासों पर जोर दिया, ताकि हवाई यातायात को सुरक्षित एवं सुचारू बनाया जा सके।
