04 जनवरी 2026
बिलासपुर
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा रविवार को पुलिस परेड मैदान में स्वास्थ्य, मनोरंजन और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। वाकाथन, एरोबिक्स एवं जुंबा डांस के माध्यम से आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जिसमें शहर के हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में किया गया। जिला पुलिस बल, यातायात पुलिस एवं विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से यह आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंचीय स्वागत के पश्चात पुलिस परेड मैदान से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व मार्गों से होते हुए पुनः पुलिस परेड मैदान तक यातायात जागरूकता संदेश के साथ भव्य वाकाथन निकाली गई।

वाकाथन के पश्चात पुलिस परेड मैदान में एरोबिक्स एवं जुंबा डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता संदेश दिए गए।
कार्यक्रम में डीएसपी श्री शिव चरण परिहार, एसडीओपी मस्तूरी, मास्टर ट्रेनर श्री उमाशंकर पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी श्री आकाश, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नागरिक संगठन, एनजीओ प्रतिनिधि, एरोबिक्स संचालक भार्गव एवं उनकी टीम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यातायात पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि 05 जनवरी 2026 को नगर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, साथ ही यातायात पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन एवं प्रमुख स्थानों पर जागरूकता बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे।
