“सियान चेतना सम्मान”से सजी बैगा अंचल की सुबह
26 दिसंबर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर/बेलगहना
चौकी बेलगहना क्षेत्र अंतर्गत संरक्षित बैगा जनजाति बाहुल्य ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘चेतना’ जनजागरूकता अभियान के तहत आज ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया तथा बैगा परिवारों एवं बच्चों को उपयोगी सामग्री वितरित कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक संघ एवं समाजसेवी संस्था के पदाधिकारी डॉ. देवरस सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को कंबल व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं बच्चों को स्वेटर, स्कूल बैग एवं कॉपियां वितरित की गईं। सम्मान पाकर वरिष्ठजनों के चेहरों पर आत्मसम्मान और उत्साह की झलक दिखी, जबकि बच्चों में उपहार पाकर खुशी की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले संरक्षित बैगा जनजाति के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही अनजान कॉल, लिंक या लालच में आकर किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की विशेष सलाह दी गई।
महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है।
‘चेतना’ अभियान के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास का यह सेतु बैगा अंचल में सकारात्मक बदलाव की नई उम्मीद बनकर उभरा।
