25 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर/बहतराई
सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। बहतराई स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि रहे। प्रधानमंत्री ने खेलों को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताते हुए युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं तथा युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं। उन्होंने फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए खेल संस्कृति को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के तहत 12 खेल विधाओं में 12 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाओं को मंच देना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
