अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हुए शामिल
04 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर:–पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज चकरभाठा स्थित बिलासा देवी एयरपोर्ट पहुंचे। वे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के छठवें दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
विमानतल पर हुआ आत्मीय स्वागत
एयरपोर्ट पर बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री एडीएन बाजपेई, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल तथा एसपी श्री रजनेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने तीनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

—
“कभी यह मत सोचिए कि आप पीछे रह गए हैं” – पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
छात्रों को दी प्रेरणा, अनुशासन और मूल्यों पर दिया जोर
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह आज पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल श्री रमेन डेका ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 64 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि, 92 स्वर्ण पदक तथा 36,950 स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियाँ प्रदान की गईं।


पूर्व राष्ट्रपति श्री कोविंद ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा—
“कभी यह मत सोचिए कि आप पीछे रह गए हैं, यदि आप प्रयास करना नहीं छोड़ते, तो आप हमेशा पहले स्थान पर हो सकते हैं।”


उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर सीखना, आत्मविकास, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और प्रभावी संचार जरूरी है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, योग और मूल्यों से जुड़े रहने का भी आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि आज बेटियाँ शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है।


—
संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही सफलता : राज्यपाल रमेन डेका
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि जीवन में गिरना स्वाभाविक है, लेकिन हर बार स्वयं को संभालकर उठना ही सच्ची सफलता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।

—
राज्य की जरूरतों के अनुरूप शोध करें विश्वविद्यालय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपाधि उनके जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है।
उन्होंने विश्वविद्यालय में डिजिटलीकरण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, स्मार्ट कक्षाएं और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी पहलों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय को कृषि, पर्यावरण, समाजशास्त्र, भाषासाहित्य और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में शोध को प्रोत्साहित करना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री ने भी दी शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षा क्षेत्र में हुई प्रगति को सराहा।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने बताया कि 20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और मजबूत होगी।
—
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया,
क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी,
संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह,
नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, कुलसचिव डॉ. तारणीश गौतम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उपरांत पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद एवं राज्यपाल श्री रमेन डेका दोपहर 1:30 बजे रायपुर माना एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।
