25 नवम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की शहादत को किया नमन, गुरु गोविंद सिंह जी की गुरु गद्दी प्राप्ति की भी हुई यादगार झांकी
बिलासपुर:– गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा दयालबंद के तत्वावधान में सोमवार को शौर्य, श्रद्धा और सेवा की भावना को समर्पित विशाल बाइक नगर रैली का आयोजन किया गया।

यह रैली भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ तथा गुरु गोविंद सिंह जी के गुरु गद्दी प्राप्ति समारोह की याद में निकाली गई।
बाइक रैली की शुरुआत गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, दयालबंद से हुई। सैकड़ों श्रद्धालु सिख युवा नीले और भगवे रंग की पगड़ियां, नारों और निशान साहिब के साथ रैली में शामिल हुए। वाहेगुरु के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
रैली गुरुनानक चौक, जगमल चौक,गांधी चौक,देवकी नंदन चौक,नेहरू चौक होते हुए कलगीघर गुरुद्वारा 27 खोली तक पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा और शहीदी की भावना को नमन किया।

सेवा भावना और आपसी सद्भाव का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए सेंट्रल सिंधी युवा विंग, बिलासपुर ने पुष्पांजली और जलसेवा की।

इस दौरान सेंट्रल सिंधी युवा विंग, बिलासपुर के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी सहित सुनील लालवानी, योगेश थदानी, सुमित सचदेव, नवीन लालवानी, बंटी जैसवानी, राहुल वाधवानी और संतोष जैसवानी उपस्थित रहे। सभी ने गुरु परंपरा को नमन कर भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
समापन पर कलगीघर गुरुद्वारा में अरदास और कीर्तन आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। संगत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
