January 21, 2026
IMG-20251124-WA0029.jpg
Spread the love

24 नवम्बर 2025

सीजी क्राइम रिपोर्टर…..

बिलासपुर:–धार्मिक एवं सामाजिक संस्थान श्री झूलेलाल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आज चंद्र दिवस (चंद्र जो मेलो) बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ सिंधी धर्मशाला, गोलबाजार में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे भगवान झूलेलाल साईं जी की भव्य मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पूज्य बहाराणा साहिब की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में महिला विंग ,बिलासपुर द्वारा भक्ति भाव से झूलेलाल महाराज के भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आशिर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया।

रात्रि 7:30 बजे भगवान झूलेलाल साईं जी की महाआरती के पश्चात नगर की तीन प्रमुख सिंधी पंचायतों—सकरी, मंगला एवं सरकंडा क्षेत्र के वरिष्ठ बुजुर्गों का संस्था द्वारा भावपूर्ण सम्मान किया गया। उन्हें संस्थान के सदस्यों द्वारा तिलक, आरती एवं पाखर पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संबंधित पंचायतों के अध्यक्ष—पी.एन. खत्री, मनोहर थावरानी एवं राजेश छुगानी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूज्य सिंधी सेंट्रल युवा विंग,बिलासपुर के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी एवं कार्यकारी अध्यक्ष पवन वाधवानी का भी तिलक, आरती एवं पाखर पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

संस्था के पदाधिकारी नानकराम नागदेव ने कार्यक्रम की महत्ता और परंपरा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि चंद्र दिवस समाज में संस्कार, सामाजिक एकता और सांझा संस्कृति का प्रतीक है। वहीं संस्था के प्रमुख अध्यक्ष जगदीश हरद्वाणी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की समाप्ति पर पूज्य बहराणा साहिब का मंगल विधि से पचरी घाट स्थित अरपा नदी में विसर्जन किया गया तथा अखंड ज्योत को परवान किया गया।

अंत में प्रसाद वितरण के साथ भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें समाज के सभी लोगों ने सहभागी होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

────────────────────
बिलासपुर में आस्था, संस्कृति और सेवा का संगम — चंद्र दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न