
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने और स्टंटबाजी की होड़ में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का एक और मामला सामने आया है। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटने और पटाखे जलाकर आतिशबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 में चालक अपने महिला मित्र के साथ चलती गाड़ी के ऊपर केक काटते और आतिशबाजी करते हुए नजर आया। इस दौरान वाहन तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर थाना लाया।
पुलिस के मुताबिक वाहन चालक की पहचान अरविंद सैनी (31 वर्ष), पिता राकेश सैनी, निवासी कुदुदंड बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने चलती स्कॉर्पियो में केक काटने और आतिशबाजी करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया।
कोनी थाना पुलिस द्वारा चालक और उसकी महिला मित्र के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर स्टंटबाजी और जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की है।
