09 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़: जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूछापारा तालाब के पास जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 8,650 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही दरी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8-9 जून 2026 की दरम्यानी रात थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पूछापारा तालाब के पार रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और पांच जुआरियों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा निराला (25), सूरज कुमार निराला (23), मोहन वासुदेव (32), कुश साहू (31) और अमर यादव (32) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के उग्र होने की आशंका को देखते हुए उनके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा सहित आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव और प्रदीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
