09 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/घरघोड़ा
रायगढ़। उधार दिए गए पैसों की मांग करना एक महिला को महंगा पड़ गया। पैसे वापस मांगने पर दो सगे भाइयों ने महिला के घर में घुसकर गाली-गलौच की और उसके साथ मारपीट कर दी। मामले की शिकायत मिलते ही घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बैहामुड़ा निवासी धनेश्वरी साहू (42 वर्ष) छाल रोड स्थित अपने ढाबा-नुमा घर का संचालन करती हैं। करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने परिचित जितेन्द्र साहू को जरूरत पड़ने पर 5 हजार रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से पैसे वापस मांगने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक 8 जून की शाम करीब 4 बजे जितेन्द्र साहू और उसका भाई राजेन्द्र साहू अचानक उसके घर पहुंचे और पैसे मांगने की बात पर भड़क गए। दोनों ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच की और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला को धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ और साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी जितेन्द्र साहू (21 वर्ष) एवं राजेन्द्र साहू (19 वर्ष), दोनों निवासी बैहामुड़ा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
