09 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष..
रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में संयुक्त टीम की छापेमार कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली एवं मिलावटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू लंबे समय से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी प्रतिष्ठित शराब ब्रांडों की खाली बोतलों में मिलावटी शराब भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर उसे असली शराब के रूप में बेच रहा था। मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों की पैकेजिंग में तैयार की गई नकली शराब बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदता था। इसके बाद उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी। शराब को रंग और स्वाद देने के लिए चायपत्ती तक का इस्तेमाल किया जाता था। तैयार नकली शराब को कोचियों के माध्यम से बाजार में खपाया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, शराब की बोतलों के 560 ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त शराब और सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह कोरोना काल से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
